सुरक्षा, राहत और बचाव की तैयारियां तेज, मेडिकल टीमें भी अलर्ट
बेतिया। जिले में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। संभावित परिस्थितियों के मद्देनजर सुरक्षा, राहत एवं बचाव से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीमों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
डीएम के निर्देश पर जिलास्तर से पंचायत स्तर तक निगरानी
जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह के निर्देश के आलोक में जिलास्तर से लेकर पंचायत स्तर तक के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी सजगता एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। जलस्तर और स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
भितहा के सेमरबारी पंचायत में क्षेत्र का निरीक्षण
इसी क्रम में आज भितहा प्रखंड की सेमरबारी पंचायत में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अमित राज ने क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का अनुश्रवण किया। इस दौरान स्थानीय परिस्थितियों एवं जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया गया।
योगापट्टी और नौतन में भी अधिकारी सक्रिय
योगापट्टी प्रखंड के सिसवा मंगलपुर एवं चौमुखा में वरीय उप समाहर्ता श्री अहमद अली द्वारा क्षेत्रीय स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं, नौतन प्रखंड के मंगलपुर में पीजीआरओ, बेतिया श्री मासूम अंसारी भी क्षेत्र का सतत अनुश्रवण कर रहे हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रहे अधिकारी-कर्मी
इसके अतिरिक्त अन्य जिलास्तरीय, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी भी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन की ओर से जलस्तर में होने वाले बदलाव और स्थानीय परिस्थितियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
आवागमन और राहत व्यवस्था पर विशेष फोकस
जिला प्रशासन द्वारा जलस्तर, आवागमन, राहत व्यवस्था एवं प्रभावित आबादी की आवश्यकताओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।



