देश वाणी।Bettiah।अवधेश कुमार शर्मा।
बेतिया। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 29 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक बेतिया के विभिन्न खेल स्थलों पर किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के सरकारी, राजकीय, आवासीय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सहित निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं को विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों की आयु की गणना 31 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी।
इन खेलों में होगी प्रतियोगिता
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, खो-खो, कबड्डी, वुशू, फुटबॉल, क्रिकेट, भारोत्तोलन, कराटे, कुश्ती, शतरंज, बैडमिंटन, साइकिलिंग, सेपकटाकरा, योग, टेबल टेनिस, तलवारबाजी एवं बास्केटबॉल समेत विभिन्न खेल विधाओं को शामिल किया गया है। कुछ खेलों में निर्धारित संख्या से कम टीमों की सहभागिता होने पर ओपन ट्रायल भी आयोजित किया जा सकता है।
26 सितंबर तक जमा करने होंगे दस्तावेज
जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार के अनुसार चयनित खिलाड़ियों के योग्यता प्रमाण पत्र, अभिप्रमाणित फोटो, विगत वर्ष का अंक प्रमाण पत्र, विद्यालय की उपस्थिति पंजी की प्रमाणित छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं सक्षम पदाधिकारी द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य है।
सभी दस्तावेजों की एक मूल प्रति एवं दो छायाप्रतियां विद्यालय के प्रधानाध्यापक के अग्रसारण प्रमाण पत्र के साथ 26 सितंबर 2026 की शाम 5 बजे तक नगर भवन (टाउन हॉल) परिसर स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन-सह-जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय, बेतिया में जमा करनी होगी।
निर्धारित समय सीमा के बाद अथवा खिलाड़ियों द्वारा व्यक्तिगत रूप से जमा किए गए दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक की होगी।
स्कूलों को लगाना होगा बैनर
जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक विद्यालय को अपना बैनर अथवा फ्लैक्स लगाना अनिवार्य किया गया है। विद्यालय की सहभागिता नहीं होने की स्थिति में संबंधित प्रधानाध्यापक, शारीरिक शिक्षक, शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक अथवा प्रभारी खेल शिक्षक को जिम्मेदार माना जाएगा।
वहीं, अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के आयु प्रमाण पत्र की विशेष जांच की जाएगी। प्रमाण पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित खिलाड़ी, प्रधानाध्यापक एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
खिलाड़ियों के खर्च की व्यवस्था करेगा विद्यालय
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के खेल पोशाक, यात्रा व्यय एवं अल्पाहार की व्यवस्था संबंधित विद्यालय द्वारा विद्यालय क्रीड़ा कोष अथवा अन्य मद से की जाएगी। प्रतियोगिताएं नॉक-आउट पद्धति से आयोजित की जाएंगी। आवश्यकता के अनुसार किसी खेल के प्रतियोगिता स्थल में परिवर्तन करने का अधिकार आयोजन समिति के पास सुरक्षित रहेगा।
प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी के लिए अजय कुमार मिश्र (शारीरिक शिक्षक) 8651657043, अमरेन्द्र कुमार सिंह (कार्यपालक सहायक) 9431428371, संजय कुमार श्रीवास्तव (शारीरिक शिक्षक) 8252123741 एवं आशीष वर्मा (शिक्षक) 7544916200 से संपर्क किया जा सकता है।



