देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में जमीन, राजस्व और दाखिल-खारिज समेत विभिन्न मामलों से जुड़ी ग्रामीणों की शिकायतों की सुनवाई की गई। अंचल पदाधिकारी (सीओ) आशु रंजन की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
सीओ के अनुसार, जनता दरबार में कुल 20 मामले सामने आए, जिनमें 19 नए आवेदन शामिल थे। सुनवाई के दौरान 15 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष पांच मामलों में आवश्यक जांच कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों और राजस्व कर्मियों को दिया गया।
जनता दरबार में ग्रामीणों ने दाखिल-खारिज, जमीन विवाद, राजस्व अभिलेख समेत अंचल कार्यालय से संबंधित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सीओ आशु रंजन ने जांच के लिए भेजे गए मामलों में जल्द प्रक्रिया पूरी कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
जनता दरबार के दौरान प्रधान सहायक ब्रजेश कुमार, विवेक कुमार, अरविंद कुमार, आकाश कुमार सहित राजस्व कर्मचारी एवं अन्य अंचल कर्मी मौजूद रहे।



