देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर शनिवार को पिपरा रेलवे स्टेशन के समीप ओएचई का इंसुलेटर क्षतिग्रस्त होने से डेढ़ घंटे तक ट्रेन परिचालन बाधित रहा। सुबह 9:50 बजे विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह थम गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस तकनीकी खराबी की चपेट में समस्तीपुर रेल मंडल के प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा की स्पेशल ट्रेन भी आ गई, जो महवल स्टेशन के पास मुख्य लाइन पर बीच रास्ते में ही रुक गई। डीआरएम इस दौरान मुजफ्फरपुर से बापूधाम मोतिहारी तक विंडो ट्रेल निरीक्षण करते हुए आ रहे थे। इस व्यवधान के कारण आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जाने वाली सप्त क्रांति एक्सप्रेस (12558) चकिया और पिपरा के बीच तथा मेमू ट्रेन (63311) महवल स्टेशन के मेन लाइन पर घंटों खड़ी रही। तकनीकी टीम ने युद्धस्तर पर सुधार कार्य करते हुए ठीक 11 बजे ओएचई की गड़बड़ी को दुरुस्त किया, जिसके बाद लगभग डेढ़ घंटे के लंबे अंतराल के बाद रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से शुरू हो सका।



