रक्सौल।अनिल कुमार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले ‘सेवा और समर्पण के 25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा के लालजी टोला, हरैया स्थित आवास पर पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने प्रेसवार्ता कर कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
सांसद ने बताया कि अभियान के दौरान सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर संध्या में दीप प्रज्वलन के साथ अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं और बच्चों को अभियान से जोड़ने के लिए रंगोली एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव और वार्ड स्तर पर लोगों से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लाभुकों को उसका लाभ दिलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
खेल प्रतिभाओं को भी मिलेगा मंच
अभियान के दौरान स्थानीय स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा। सांसद ने बताया कि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अव्वल आने वाले प्रतिभागियों को कोलकाता भेजा जाएगा, ताकि उन्हें बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू होने वाला यह अभियान केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे एक महीने तक सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। प्रेसवार्ता में सांसद प्रतिनिधि अजय पटेल, राजकिशोर ठाकुर, रिकू पाण्डेय, नरेश पटेल, नितेश पटेल, मृत्युंजय सिंह एवं नागेंद्र पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
फोटो -पीएम मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, महीनेभर होंगे जनसेवा के कार्यक्रम



