रक्सौल।अनिल कुमार। पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा शनिवार को विशेष निरीक्षण यान से रक्सौल पहुंचे। स्टेशन पहुंचने पर स्टेशन अधीक्षक अजय कुमार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद डीआरएम ने मंडल व स्थानीय रेल अधिकारियों के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम का मुख्य फोकस यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर रहा। उन्होंने रक्सौल स्टेशन के अस्थायी टर्मिनल भवन का जायजा लिया। इस दौरान यात्री सुविधाओं में मिली कमियों को निर्धारित समय सीमा में दूर करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। अस्थायी भवन परिसर में पेयजल की व्यवस्था करने तथा यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त चेयर लगाने का निर्देश भी दिया गया। इसके बाद डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन के कार्यों का निरीक्षण किया और निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने रेलकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।पत्रकारों से बातचीत में डीआरएम ने कहा कि समय-समय पर निरीक्षण का उद्देश्य जमीनी स्थिति का जायजा लेना, यात्रियों से संवाद करना और रेलकर्मियों की समस्याओं को समझना है। निरीक्षण में सामने आई अधिकांश कमियों को एक सप्ताह के भीतर दूर करने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान रिटायरिंग रूम, माल गोदाम, रनिंग रूम और वाशिंग पिट समेत विभिन्न स्थानों का भी निरीक्षण किया गया। मौके पर आरपीएफ निरीक्षक ए.के. चौधरी सहित अन्य रेल अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो -मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा विशेष निरीक्षण यान से रक्सौल पहुंचे



