हाई स्कूल चौक से चीनी मिल रोड तक हुई पैमाइश,टेंपो स्टैंड समेत दर्जनभर पक्के मकान चिन्हित
Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। नगर के मेन रोड स्थित जिला परिषद (डिस्ट्रिक बोर्ड) की 78 डिसमिल कीमती जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कवायद तेज हो गई है। उप विकास आयुक्त के निर्देश पर मंगलवार को जिला परिषद के अभियंताओं की टीम ने हाई स्कूल चौक से चीनी मिल रोड तक भूमि की पैमाइश की और अवैध कब्जाधारियों को चिन्हित किया।
करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान टेंपो स्टैंड, दर्जनभर पक्के मकान, शौचालय, यात्री पड़ाव के साथ-साथ शहीद स्मारक के सामने स्थित मकानों और होटलों को चिन्हित किया गया। पैमाइश का नेतृत्व कर रहे सहायक अभियंता मोहन साह ने बताया कि खाता संख्या 266, खेसरा 312 में दर्ज 78 डिसमिल भूमि की पैमाइश पूरी कर ली गई है। चिन्हित अतिक्रमणकारियों को जल्द ही नोटिस जारी किया जाएगा।
सहायक अभियंता ने स्पष्ट किया कि मेन रोड की जमीन जिला परिषद की ही है, जिसे सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी को दिया गया था। जमीन खाली होने के बाद यहां नया व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है।वही इस कार्रवाई का सबसे बड़ा असर टेंपो चालकों पर पड़ेगा। वर्ष 2015 में इस जमीन पर बने टेंपो स्टैंड को अब यहां से हटाया जाएगा।सहायक अभियंता मोहन साह के साथ कनीय अभियंता पिंकु कुमार, अमीन सुजीत कुमार, दिनदयाल प्रसाद, आलोक कुमार और राजेंद्र राउत पैमाइश टीम में शामिल रहे।




