-71वीं वाहिनी SSB में रक्षाबंधन उत्सव, जवानों की कलाई पर बच्चों ने बांधा रक्षा सूत्र
माला सिन्हा
फोटो : एसएसबी कैम्प में जवानों के कलाई में राखी बांधती छात्राएं
पीपराकोठी : 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, वाहिनी मुख्यालय में रक्षाबंधन उत्सव हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, मोतिहारी तथा शिवदेनीराम इंटरनेशनल स्कूल, चकिया के छात्र-छात्राओं ने वाहिनी मुख्यालय पहुंचकर जवानों की कलाई पर राखी बांधी तथा उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. बच्चों द्वारा जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का यह भावपूर्ण दृश्य जवानों एवं समाज के बीच स्नेह, विश्वास और अपनत्व का प्रतीक बना. इस अवसर पर प्रफुल्ल कुमार, कमांडेंट, 71वीं वाहिनी ने अपने संबोधन में कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सुरक्षा, स्नेह और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक भी है. उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवानों को जब बच्चे राखी बांधते हैं, तो इससे जवानों का मनोबल बढ़ता है तथा उन्हें समाज के साथ अपने जुड़ाव और जिम्मेदारी का भाव और अधिक मजबूत महसूस होता है. उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं. रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जवानों ने भी बच्चों के प्रति स्नेह एवं आशीर्वाद व्यक्त किया। इस अवसर पर बच्चों ने देश की सीमाओं की सुरक्षा में सदैव तत्पर रहने वाले सशस्त्र सीमा बल के जवानों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की. कार्यक्रम के दौरान सेठ एम.आर. जयपुरिया के प्रधानाध्यापिका मौसमी चटर्जी, एवं प्रतिमा आचार्य, रेखा कुमारी, नेहा कुमारी, राहुल सिंह तथा वाहिनी के सभी अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी एवं बलकर्मी उपस्थित थे. इस अवसर पर सभी ने रक्षाबंधन के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा समाज एवं सुरक्षा बल के बीच आपसी सौहार्द, विश्वास एवं भाईचारे को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया.




