Bettiah. रवि कुमार मिश्र।
बेतिया/नरकटियागंज। प्रखंड के मनवा परसी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में शुक्रवार को नया आधार पंजीकरण सुविधा केंद्र शुरू किया गया। केंद्र का विधिवत उद्घाटन बीडीओ सूरज कुमार सिंह और मुखिया प्रतिनिधि मो.आलमगीर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी सूरज कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर ही लोगों को सभी आवश्यक सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। पंचायत स्तर पर आधार केंद्र की शुरुआत होने से अब स्थानीय लोगों को आधार कार्ड बनवाने या उसमें किसी भी प्रकार का संशोधन कराने के लिए शहर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इससे ग्रामीणों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। बीडीओ ने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में प्रखंड की अन्य पंचायतों में भी ऐसे आधार केंद्रों की शुरुआत की जाएगी।
इस अवसर पर पंचायत सचिव राकेश कुमार, कार्यपालक सहायक मुकेश कुमार सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में काफी हर्ष है।




