देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र के कृतपुर पंचायत स्थित खोड़ी पाकड़ चिमनी के समीप अपनी ही मां की हत्या कर शव गन्ने के खेत में फेंकने वाले आरोपी पुत्र आलम हुसैन के खिलाफ अब उसके पिता झूमन मियां ने भी कड़ी सजा की मांग की है। पत्नी की हत्या से टूट चुके झूमन मियां का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी नजमा खातून उनके घर की लक्ष्मी थीं और बेटे ने ही मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर दिया।
पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव निवासी झूमन मियां ने रोते हुए कहा, “मेरी पत्नी घर की लक्ष्मी थी। अगर मेरा बेटा आलम हुसैन मर गया होता तो मुझे इतना दुख नहीं होता, लेकिन उसने ही अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। ऐसे बेटे को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।” उन्होंने न्यायालय से आरोपी बेटे को कठोर दंड देने की मांग की है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जिसने अपनी सगी मां की इतनी निर्ममता से हत्या की है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि समाज में ऐसा अपराध करने वालों के लिए सख्त संदेश जाए।
गौरतलब है कि 18 अगस्त को नजमा खातून अरेराज स्थित एक बैंक से पैसा लेकर लौट रही थीं। आरोप है कि उनका पुत्र आलम हुसैन उन्हें बहला-फुसलाकर कृतपुर पंचायत के खोड़ी पाकड़ चिमनी के समीप गन्ने के खेत में ले गया, जहां चाकू से गर्दन रेतकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह उनके पास मौजूद रुपये लेकर फरार हो गया।
वारदात को छिपाने और पुलिस व परिजनों को गुमराह करने के लिए आरोपी ने लूट और अपहरण की झूठी कहानी भी गढ़ी। हालांकि हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी आलम हुसैन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।




