देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर बैलघटी गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सरवर आलम की पत्नी आएसा खातून के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे, जबकि उसके ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
मृतका के चाचा मोतिहारी के नकछेद टोला निवासी नेजाम आलम ने बताया कि उनके भाई प्रवेज आलम उर्फ टुनटुन की पुत्री आएसा खातून की शादी करीब तीन महीने पहले मुमताज आलम के पुत्र सरवर आलम के साथ हुई थी। बुधवार दोपहर उन्हें सूचना मिली कि आएसा की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मायके के लोग जब जयसिंहपुर बैलघटी पहुंचे तो घर में आएसा का शव पड़ा था और ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार थे।
मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर आएसा की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही तुरकौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। एफएसएल की टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, घटना के बाद से मृतका के मायके वालों में आक्रोश है। पुलिस ससुराल पक्ष के फरार लोगों की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।




