◆15 पंचायतों में सबसे अधिक मनवा परसी में 22 और शेरहवा में 16 को मिला बंदोबस्त पर्चा
Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। स्वतंत्रता दिवस का अवसर अंचल के 80 भूमिहीन परिवारों के लिए दोहरी खुशी लेकर आया। वर्षों से अपनी जमीन का सपना देख रहे इन परिवारों को जब विशेष अभियान के तहत बासगीत व बंदोबस्ती पर्चे मिले, तो उनके चेहरों पर सुकून और खुशी साफ नजर आई। अभियान बसेरा-2 के तहत राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव के निर्देश पर अंचल प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने लाभुकों को जमीन के मालिकाना हक के प्रमाण पत्र सौंपे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक संजय कुमार पांडेय तथा एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा ने संयुक्त रूप से चयनित लाभुकों के बीच पर्चे वितरित कर किया।
अंचलाधिकारी शमन प्रकाश ने बताया कि विशेष अभियान चलाकर अंचल क्षेत्र के 15 पंचायतों से जरूरतमंद, बेघर व भूमिहीन परिवारों का चयन किया गया था। इसमें मनवा परसी पंचायत के सबसे अधिक 22 और शेरहवा पंचायत के 16 जरूरतमंद परिवारों को बासगीत पर्चा दिया गया। इसी तरह परोरहा के 7,रखइ चम्पापुर के 6, भसुरारी और चमुआ के 5-5, कुकुरा और शिकारपूर के 4-4,सेमरी के 3 और डुमरिया और सुगौली पंचायत के 2-2 तथा राजपुर तुमकड़िया, मलदहिया पोखरिया,कुंडिलपुर व भभटा पंचायत के 1-1 चयनित लाभुकों को बंदोबस्ती पर्चा का प्रमाण पत्र सौंपा गया। जमीन का पर्चा हासिल करने के बाद सभी लाभुकों ने राज्य सरकार व स्थानीय प्रशासन के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख सुनैना देवी, आरओ अशोक कुमार, बीपीआरओ विवेक आर्या, नगर सभापति रीना देवी, उप सभापति पूनम देवी, प्रमुख प्रतिनिधि चंदन कुमार साह और अंचल कर्मी प्रमोद कुमार समेत कई अन्य कर्मी उपस्थित रहे।




