माला सिन्हा
पीपराकोठी : चेन्नई के निकट गुम्मिडीपुंडी स्थित एक निजी स्टील मेल्टिंग कंपनी में सोमवार को हुए बॉयलर विस्फोट में पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी थाना क्षेत्र के रामगढ़ महुअवा गांव निवासी 26 वर्षीय रविरंजन कुमार की मृत्यु हो गई. वह कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. रविरंजन ने मात्र तीन महीने पहले ही इस कंपनी में नौकरी शुरू की थी. हादसे की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव में शोक छा गया. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. रविरंजन, रामगढ़ महुआवा निवासी राजेश सिंह और ऊषा देवी के पुत्र थे. उनके पिता किसान हैं और माता गृहिणी हैं. उनकी एक विवाहित बहन भी है. सोमवार रात को रविरंजन की अपने परिवार से अंतिम बार बात हुई थी, जब उन्होंने कोलकाता में बीटेक की पढ़ाई कर रहे अपने छोटे भाई राजन कुमार को टिकट के लिए पैसे भेजे थे. हादसे के बाद रविरंजन के चचेरे भाई सुशील कुमार चेन्नई के लिए रवाना हो गए हैं. वे शव को लेकर गांव लौटेंगे. गांव के लोगों ने रविरंजन को एक मेहनती और होनहार युवक बताया है. उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे इलाके में गम का माहौल है.












