-पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, विभागों ने सुनीं शिकायतें
माला सिन्हा
पीपराकोठी : आम लोगों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र के सलेमपुर और सूर्यपुर पंचायतों में विशेष सहयोग शिविर आयोजित किए गए. सलेमपुर पंचायत के जीवधारा स्थित श्री पशुराम गिरी हाईस्कूल और सूर्यपुर पंचायत के मध्य विद्यालय सूर्यपुर परिसर में इन शिविरों का उद्घाटन हुआ. विधायक प्रमोद कुमार, नोडल पदाधिकारी अक्षय कुमार, उपप्रमुख योगी मांझी और बीडीओ मोहिनी कश्यप ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविरों की शुरुआत की. सलेमपुर में मुखिया उपेंद्र पासवान और सूर्यपुर में मुखिया संतोष शर्मा उपस्थित रहे. शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज, आपूर्ति, मनरेगा, जीविका और बिजली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने स्टॉल लगाए. ग्रामीणों ने पेंशन, राशन कार्ड, भूमि संबंधी मामले, आवास योजना, आय, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र जैसी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन जमा किए. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार प्रशासनिक सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि इन सहयोग शिविरों का उद्देश्य लोगों को प्रखंड और जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत दिलाना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपनी समस्याओं को शिविर के माध्यम से दर्ज कराने की अपील की. नोडल पदाधिकारी अक्षय कुमार ने जानकारी दी कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का विभागवार निष्पादन किया जा रहा है. जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित किया जाएगा. इस अवसर पर पुलिस निरीक्षक सुरेश यादव, बीपीआरओ श्वेता सुमन, थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, कुणाल पटेल, उपेंद्र चौधरी, जितेंद्र साह, पंचायत सचिव आलोक कुमार बैठा एवं संदीप कुमार सहित कई अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में पंचायतवासी उपस्थित थे. ग्रामीणों ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न योजनाओं तथा सेवाओं की जानकारी प्राप्त की.












