देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। गर्मियों की छुट्टियों और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने उत्तर बिहार के रेल यात्रियों को एक बड़ी सौगात दी है। रक्सौल और नरकटियागंज के बीच यात्रा करने वाले लोगों की सुविधा के लिए रेलवे ने एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र के अनुसार, गाड़ी संख्या 05543/05544 रक्सौल-नरकटियागंज स्पेशल का परिचालन 16 मई से शुरू होकर 11 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को पटरी पर उतरेगी।
इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन से स्थानीय यात्रियों और व्यापारियों को काफी सहूलियत होने वाली है। गाड़ी संख्या 05543 रक्सौल से दोपहर 14:15 बजे प्रस्थान कर 14:38 बजे सिकटा रुकते हुए 15:35 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 05544 नरकटियागंज से रात 19:40 बजे खुलकर 20:03 बजे सिकटा रुकते हुए रात 20:50 बजे रक्सौल पहुँचेगी।
सीजन के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को कम करने के लिए रेलवे का यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से रक्सौल के यात्रियों के लिए यह ट्रेन एक बेहतर विकल्प साबित होगी।
Motihari | Special train will run between Raxaul and Narkatiaganj, know the schedule.












