Bettiah| संदीप चित्रांश|
बिजली मरम्मत कर लौट रहे युवकों को खैर पोखरा के पास टीम ने पकड़ा, तीन घंटे तक गाड़ी में घुमाने का आरोप।
पीड़ितों का दावा : महिला दरोगा की मौजूदगी में वसूले गए 22 हजार रुपये, मर्यादपुर पुल के पास छोड़ा।
बगहा। जिले में उत्पाद विभाग की टीम पर चार युवकों से जबरन 22 हजार रुपये वसूलने का सनसनीखेज आरोप लगा हैं। पीड़ितों के अनुसार, घटना शनिवार शाम खैर पोखरा के समीप हुई। जब वे बिजली मरम्मत का काम खत्म कर एक दुकान पर रुके थे। आरोप हैं कि दो वाहनों में पहुँची उत्पाद टीम ने बिना किसी पूछताछ के चारों युवकों को पकड़ लिया। टीम के चालक आलोक यादव पर युवकों की बाइक की चाबी छीनने और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का आरोप हैं।
पीड़ितों का कहना हैं कि उन्हें करीब तीन घंटे तक गाड़ी में घुमाया गया और डर दिखाकर 22 हजार रुपये की मांग की गयी। विवश होकर युवकों ने यह रकम दे दी। आरोप यह भी हैं कि गाड़ी में मौजूद एक महिला दरोगा ने मोबाइल की रोशनी में रुपये गिने, जिसके बाद रात को उन्हें मर्यादपुर पुल के पास छोड़ दिया गया। पीड़ित अभिमन्यु यादव, ललन यादव, शुनेश्वर राम और संजय कुमार ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उन्होंने शराब का सेवन नहीं किया था, फिर भी उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उधर, उत्पाद थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि शिकायत मिलती हैं, तो पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जाँच कर दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।












