Motihari| माला सिन्हा|
प्रतिस्पर्धा: 80 सीटों के लिए कुल 4574 आवेदकों ने भरा था फॉर्म।
चयन: अनारक्षित, ओबीसी, एससी-एसटी और दिव्यांग कोटे के तहत हुआ चयन।
पीपराकोठी (पूर्वी चम्पारण)। जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के वर्ग 6 में नामांकन के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम समिति ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित कर दिया है। इस बार कुल 80 मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है।

चयन सूची में अनारक्षित वर्ग से नीरज कुमार, नवनीत कुमार, अंश कुमार निषाद, अनामिका कुमारी सहित अन्य नाम शामिल हैं। वहीं पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति, जनजाति और दिव्यांग कोटा से भी होनहारों ने अपनी जगह पक्की की है। ग्रामीण सीटों पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें श्वेता कुमारी, आराध्या कुमारी और अनमोल कुमार सहित दर्जनों बच्चों ने सफलता हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया है।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ग 6 की कुल 80 सीटों के लिए जिले भर से 4574 बच्चों ने आवेदन किया था। पिछले दिसंबर माह में आयोजित इस प्रवेश परीक्षा के लिए जिले में आठ केंद्र बनाए गए थे, जिसमें 1862 छात्र और 1156 छात्राएं शामिल हुई थीं। परीक्षा में कुल 1556 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे। सफल अभ्यर्थियों की सूची वेबसाइट पर उपलब्ध है और अब आगे की नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Motihari | Piparakothi | Navodaya Vidyalaya Entrance Exam Result Declared, 80 Students Outstanding.












