नहाने के दौरान गहरे पानी मे डूबने से हुई सज्जन की मौत, गाव में पसरा मातमी सन्नाटा
Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
प० चम्पारण के नरकटियागंज में बलोर नदी में बखरी घाट पुल के समीप नहाने के दौरान एक 11 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गयी। मृतक की पहचान चमुआ गांव वार्ड संख्या 8 निवासी शंभू मांझी के 11 वर्षीय पुत्र सज्जन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वही इस घटना से चमुआ गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, सज्जन मंगलवार की दोपहर में अपने दोस्तों के साथ बखरी पुल के पास बलोर नदी में नहाने गया था। नहाने के क्रम में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख साथ नहा रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत नदी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और बच्चे की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर पुलिस और अंचल के राजस्व कर्मचारी मौके पर पहुचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी। लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। आरओ अशोक कुमार ने बताया कि सूचना पर राजस्व कर्मचारी अखिलेश कुमार को तुरंत घटना स्थल पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मृत बच्चे के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस को एक लिखित आवेदन भी दिया है। और शव को लेकर घर चले गए। उन्होंने कहा की घटना की जानकारी वरीय अधिकारी को दे दी गई है।












