मोतिहारीः शहर में जीएसटी विभाग ने कर अनुपालन और संभावित कर अपवंचना के मामलों की जांच को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। वाणिज्य-कर आयुक्त-सह-सचिव पटना के निर्देश पर जीएसटी विभाग मोतिहारी और जीएसटी अन्वेषण ब्यूरो मुजफ्फरपुर की संयुक्त टीम ने शहर के गुदरी बाजार स्थित एक बड़े पटाखा व्यवसायी के अलावा अवधेश चौक स्तिथ एक ट्रांसपोर्टर के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान पटाखा व्यवसायी के प्रतिष्ठान से करीब 60 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया है।वहीं, ट्रांसपोर्टर के गोदाम में भंडारित कुछ सामानों के संबंध में इनवॉयस प्रस्तुत नहीं किए जाने के अलावा कुछ दस्तावेजों में दर्ज विवरण और वास्तविक माल के बीच अंतर मिलने की बात सामने आई है।
वहीं विभागीय संयुक्त टीम ने पटाखा व्यवसायी के प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान लगभग 60 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया। प्रतिष्ठान से संबंधित अभिलेखों, खरीद-बिक्री के विवरण और उपलब्ध तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग यह सत्यापित करने में लगा है कि प्रतिष्ठान में उपलब्ध माल से संबंधित दस्तावेज और कारोबारी अभिलेख नियमानुसार हैं या नहीं।
राज्य-कर संयुक्त आयुक्त (प्रभारी), मोतिहारी संतोष कुमार ने बताया कि वाणिज्य-कर आयुक्त-सह-सचिव पटना के निर्देश पर विभाग द्वारा कर अनुपालन सुनिश्चित करने तथा कर अपवंचना की संभावनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नियमानुसार निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने बताया कि पटाखा व्यवसायी के प्रतिष्ठान में निरीक्षण पूरा कर लिया गया है, जबकि ट्रांसपोर्टर के यहां जांच की प्रक्रिया जारी है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जीएसटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत सक्षम प्राधिकार द्वारा विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। राज्य-कर संयुक्त आयुक्त श्री कुमार ने सभी करदाताओं से स्वैच्छिक एवं समयबद्ध कर अनुपालन सुनिश्चित करने, वास्तविक कारोबार का सही लेखांकन करने तथा नियमानुसार देय कर का समय पर भुगतान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुरूप कर भुगतान से राज्य के राजस्व में वृद्धि होती है। इससे बिहार के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में भी योगदान मिलता है।जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर के कारोबारी एवं परिवहन क्षेत्र में हलचल देखी जा रही है। हालांकि, दोनों प्रतिष्ठानों के संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के मूल्यांकन के बाद ही सामने आएगा।



