HomeBIHARपूर्वी चम्पारण में जाम पर एसपी स्वर्ण प्रभात का कड़ा एक्शन, चौक-चौराहों...

पूर्वी चम्पारण में जाम पर एसपी स्वर्ण प्रभात का कड़ा एक्शन, चौक-चौराहों से 50 फीट तक ठेला-टोटो पर रोक

एसपी स्वर्ण प्रभात ने सभी थानाध्यक्षों को दिया सख्त निर्देश, मॉर्निंग गश्ती कर जाम को हटाए।
देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
पूर्वी चम्पारण जिले में जाम की समस्या पर जिला पुलिस प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। मोतिहारी शहर में प्रतिदिन जाम की समस्या से आम से लेकर खास लोग हलकान रह रहे हैं। यही स्थिति अरेराज हरदिया चौक, चकिया बाजार, ढाका चौक, तुरकौलिया चौक,हरसिद्धि बाजार, चिरैया चौक, छपवा चौक, रक्सौल, संग्रामपुर बाजार सहित अन्य इलाकों में भी बनी हुई है, जहां सड़क किनारे टेंपो, ठेला व खोमचे लगाकर जाम की समस्या उत्पन्न की जा रही है।
इसको लेकर एसपी स्वर्ण प्रभात ने सख्त निर्देश जारी किया है। एसपी ने कहा कि जिले के सभी महत्वपूर्ण चौक-चौराहों के आसपास 50 फीट तक ठेले नहीं लगाए जाएंगे और न ही ई-रिक्शा/टोटो खड़े होंगे। अगर कहीं भी सड़क पर अतिक्रमण कर ठेला या टोटो खड़ा पाया गया तो संबंधित थाना की गश्ती टीम और थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि थाना की मॉर्निंग गश्ती सुनिश्चित करते हुए आदेश का पालन कराएं, ताकि जाम की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों के बाजारों में भी यही स्थिति है, जहां दुकानदार सड़क तक सामान फैला देते हैं और ऑटो-ठेला चालक मनमाने तरीके से वाहन खड़ा कर देते हैं।
जाम से मुक्ति के लिए ट्रैफिक थाने में 20 से अधिक अधिकारियों और 100 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। सभी महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। इस पूरे अभियान पर नजर रखने के लिए एसडीओ और डीएसपी को जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि जाम की स्थिति दिखने पर ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular