देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
पीपराकोठी प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, झखारा में शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव के ईख विभाग से सेवानिवृत्त कर्मी शिक्षाविद वशिष्ठ शर्मा ने विद्यालय के सभी शिक्षकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही पंचायत के सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी अंगवस्त्र भेंट कर उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर वशिष्ठ शर्मा ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही गांव और समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है तथा शिक्षित समाज ही प्रगति की राह पर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने लोगों से शिक्षा के प्रति जागरूक होने और बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक नई पहल की घोषणा करते हुए कहा कि जो छात्र जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफल होंगे, उन्हें 1,100 रुपये तथा नेतरहाट विद्यालय प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को 2,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, सेवानिवृत्त शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने वशिष्ठ शर्मा की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायी कदम बताया।



