Bettiahl देश वाणी।नौशाद अहमद।
टीन के बक्से में छिपाकर रखा था हथियार, पुलिस ने छापेमारी कर किया बरामद
लौरिया।लौरिया थाना क्षेत्र के मठिया पंचायत अंतर्गत पड़री गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक को देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हथियार और कारतूस घर में रखे टीन के बक्से से बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान पड़री गांव निवासी नंदलाल पटेल के पुत्र देवेंद्र पटेल के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि देवेंद्र पटेल के घर में अवैध हथियार रखा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम गठित कर उसके घर पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान टीन के बक्से से एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने देवेंद्र पटेल को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है। मामले में गिरफ्तार युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब हथियार के स्रोत और उसके संभावित इस्तेमाल के उद्देश्य की जांच कर रही है।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान, एसआई जयशल कुमार, पीएसआई सुगीरव कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।



