-पपीता उत्पादन और बेहतर खेती के लिए मिली पहचान
-सेवानिवृत्त सैनिक की उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी
माला सिन्हा
पीपराकोठी : डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के तत्वावधान में महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित तीन दिवसीय किसान सम्मेलन के पहले दिन कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. समारोह में बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुद्धिजीवी, श्रमजीवी, समाजसेवी एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया. इसी क्रम में पीपराकोठी प्रखंड के पड़ौलिया गांव निवासी प्रगतिशील किसान एवं सेवानिवृत्त सैनिक राजेश कुमार यादव को बेहतर कृषि कार्य के लिए सम्मानित किया गया. कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान तथा पपीता उत्पादन में विशेष पहचान बनाने वाले राजेश यादव को हजारों लोगों की मौजूदगी में सम्मान मिलना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है. राजेश यादव सेवानिवृत्ति के बाद कृषि को अपनी कर्मभूमि बनाकर प्राकृतिक एवं मिश्रित खेती को बढ़ावा दे रहे हैं. वे पपीता के साथ विभिन्न फसलों एवं सब्जियों की खेती, तालाब में मछली पालन व जैविक खाद उत्पादन कर किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं. खेती में नए प्रयोग और मेहनत के कारण उन्हें क्षेत्र में ‘पपीता मैन’ के नाम से भी जाना जाता है. मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलने की जानकारी के बाद पीपराकोठी सहित आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों एवं किसानों ने कहा कि राजेश यादव का सम्मान पूरे क्षेत्र के किसानों का सम्मान है. इससे स्थानीय किसानों में कृषि के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का उत्साह बढ़ेगा.



