मोतिहारी। निखिल विजय कुमार सिंह।
सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई-
मोतिहारी जिले में गन्ना लदे ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाली आशंकित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिये हैं। इसी कड़ी में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मिल रही शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) ने सुगौली चीनी मिल एवं इसके आसपास के क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चीनी मिल प्रबंधन के साथ महत्वपूर्ण बैठक की और स्थिति की समीक्षा की। सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली के परिचालन से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों के लिए भी बड़ा जोखिम बना रहता है।
उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सभी ट्रैक्टर संचालकों को निर्धारित भार क्षमता का हर हाल में पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा।
बैठक के दौरान वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों पर भी चर्चा की गयी। एसडीओ ने वाहन स्वामियों को निर्देश दिया कि जिन ट्रैक्टरों में लाइट रिफ्लेक्टर या अन्य सुरक्षा उपकरण नहीं लगे हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कर लिया जाए। रात के समय दुर्घटनाओं से बचने के लिए रिफ्लेक्टर का होना अनिवार्य है। इसके साथ ही सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गयी हैं।
प्रशासन का मानना है कि केवल सख्ती से ही नहीं, बल्कि जागरूकता से भी सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए आम लोगों और चालकों के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। चीनी मिल प्रबंधन को भी निर्देश दिया गया है कि वे किसानों और ट्रैक्टर मालिकों को ओवरलोडिंग के खतरों के प्रति जागरूक करें।
Motihari | SDO and DSP reached Sugauli Sugar Mill to stop overloading of sugarcane on tractors.












