Motihari | रक्सौल| अनिल कुमार|
25 लाख की नेपाली नकली मुद्रा, 18 हजार नकली भारतीय रुपये व प्रिंटिंग मशीन जब्त, मोतिहारी-सीतामढ़ी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई-
रक्सौल। बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले में इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जाली नोट (काउंटरफीट करेंसी) छापने वाले एक संगठित अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 3 नेपाली नागरिकों सहित कुल 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से लगभग 25 लाख रुपये की नकली नेपाली मुद्रा (काउंटरफीट करेंसी) और 18 हजार रुपये के भारतीय जाली नोट जब्त किए हैं।
मिली सूचना पर रक्सौल एसडीपीओ ने की कार्रवाई-
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात को सीमा क्षेत्र से काउंटरफीट करेंसी की खेप की सप्लाइ होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद रक्सौल एसडीपीओ मनीष कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गयी। टीम ने सीमा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया, जहाँ सबसे पहले बाइक सवार दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। इनसे हुई पूछताछ में खुलासा हुआ कि जाली नोट सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज इलाके में छापे जा रहे थे।
मेजरगंज में भी जाली नोट छापने की फैक्ट्री का भंडाफोड़-
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर मोतिहारी और सीतामढ़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने मेजरगंज में छापेमारी की। वहां एक ठिकाने से जाली नोट छापने वाला विशेष कागज, प्रिंटिंग मशीन, स्याही, कटर और अन्य उपकरण जब्त किए गये। मौके से करीब 25 लाख रुपये की नकली नेपाली नोट ( काउंटरफीट करेंसी) बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान-
इस मामले में पुलिस ने कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में तिलक बहादुर थिंग (मकवानपुर, नेपाल), सरोज कुमार (बारा, नेपाल), श्रीदेव महतो (लहान, नेपाल) के साथ भारतीय नागरिक दिलीप कुमार सिंह (मधुबनी), रौशन कुमार, राकेश सिंह, साहेब कुमार उर्फ लाल, साजन कुमार, विकाश कुमार पटेल और मो० असलम (सभी सीतामढ़ी) शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क खंगाल रही पुलिस-
एसडीपीओ मनीष कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह एक संगठित केंद्र था जहाँ से नोटों की सप्लाई की जा रही थी। फिलहाल सभी अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके तार किन अन्य अंतरराष्ट्रीय गिरोहों से जुड़े हुए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इस नेटवर्क के जरिए जाली नोट कई अन्य राज्यों में भी खपाए गये हैं।
Motihari | Raxaul | International fake currency network busted at Indo-Nepal border, 10 arrested including 3 Nepalese. Printing Machine, 25 lakh nepalese and ₹ 18.5 thousand India counterfeit currency seized












