देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण के मोतिहारी ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंगलवार को आयोजित भव्य समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिले को करीब 285 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए जिले के विकास को नई गति देने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने मजुराहा-बेरुआ घाट पर नवनिर्मित पुल का उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई। इसके अलावा धनवती नदी पर मजराहा से बालगंगा को जोड़ने वाले नए पुल का शिलान्यास भी किया गया। उन्होंने अरेराज जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण की भी घोषणा की, जिससे आवागमन और सुगम होगा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय खोलने की घोषणा की। साथ ही मोतिहारी में तारामंडल (प्लैनेटेरियम) स्थापित किए जाने की भी घोषणा की, जिससे जिले के छात्रों को विज्ञान और खगोल विज्ञान की आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दो लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पीएचडी करने वाली छात्राओं को प्रतिमाह 10 हजार रुपये छात्रवृत्ति देने की घोषणा भी की। सांसद राधामोहन सिंह के जन्मदिन की सीएम व केंद्रीय मंत्री शेखावत ने शुभकामनायें दी।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद राधा मोहन सिंह, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, मंत्री केदार गुप्ता, विधायक कृष्णानंदन पासवान, प्रमोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, भाजपा के वरीय नेता दीपक शर्मा सहित जिले के सभी विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे। समारोह के दौरान विकास योजनाओं की घोषणा पर उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।



