देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद राधामोहन सिंह के 77वें जन्मदिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होने मोतिहारी के बापू प्रेक्षागृह पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चंपारण वासियों को कई बड़ी विकास योजनाओं की सौगात दी। मंच से जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मोतिहारी के बरियारपुर स्थित हवाई अड्डा के समीप की भूमि पर आधुनिक मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने जिले में एक तारामंडल, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर 20 करोड़ रुपये की लागत से कला भवन, स्पोर्ट्स स्टेडियम, मत्स्य समृद्धि क्लस्टर और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के केंद्र की स्थापना की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनरुद्धार और मोतिहारी में नई चीनी मिल स्थापित करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
मुख्यमंत्री ने राज्य के समग्र आर्थिक और सामाजिक बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार का बजट आज 3.70 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। उन्होंने 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री रोजगार योजना, लखपति दीदी अभियान और 2030 तक 1 करोड़ सरकारी नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराने के संकल्प पर जोर दिया। प्रशासनिक व्यवस्था में ‘सहयोग’ सिस्टम के तहत 30 दिनों में स्वतः कार्रवाई और निलंबन के नियम तथा शिक्षा में सुधार के लिए 700 आधुनिक मॉडल स्कूलों और 24 घंटे ऑनलाइन शिक्षक सहायता जैसी पहलों को उन्होंने पारदर्शी सुशासन का उदाहरण बताया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सतीश चंद्र दुबे, बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, विधायक प्रमोद कुमार, कृष्णनंदन पासवान, लालबाबू गुप्ता, सचिन्द्र प्रसाद सिंह, श्यामबाबू प्रसाद यादव, राणा रणधीर सिंह, डिप्टी मेयर लालबाबू प्रसाद समेत पूर्व मंत्री, विधायक व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



