देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
मोतिहारी शहर के बैंक रोड स्थित विद्या राज होटल में देह व्यापार के धंधा होने की सूचना पर छतौनी और महिला थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया, जबकि होटल संचालक सहित चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी टीम का नेतृत्व सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने किया। टीम में छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, महिला थानाध्यक्ष मोना कुमारी, इंस्पेक्टर सर्वेंद्र कुमार, महिला हेल्प लाइन की खुशबू कुमारी, अभिषेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पकड़े गए युवकों में छतौनी के राजीव कुमार, जो होटल संचालक बताया जा रहा है, रघुनाथपुर थाना के लक्ष्मीपुर गदरिया निवासी योगेंद्र राय के पुत्र रौशन कुमार, पीपराकोठी थाना के किशुनपुर निवासी मुकेश कुमार के पुत्र नीरज कुमार और लक्ष्मीपुर मधुमलती निवासी शेख तसबूर के पुत्र शेख इंटाफ शामिल हैं।
डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई थी। मौके से रेस्क्यू की गई चारों नाबालिगों को सुरक्षित महिला थाना लाया गया और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सूचना दी गई है। नियमानुसार काउंसलिंग और मेडिकल जांच की प्रक्रिया कराई जा रही है।
डीएसपी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पकड़े गए चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस होटल के दस्तावेजों और रजिस्टर की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में बिना आईडी के कमरा देने की बात सामने आई है।
उन्होंने कहा कि जिले में इस तरह के अवैध धंधों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



