देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मोतिहारी नगर निगम क्षेत्र में तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में मंगलवार शाम नगर आयुक्त आशीष कुमार ने वार्ड नंबर 3 स्थित पोखरा छठ घाट का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने घाट पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पानी में बैरिकेडिंग और लाइटिंग के व्यवस्था की पूरी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि घाट के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाकर तत्काल कचरे का उठाव किया जाए, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। घाटों के आसपास और पहुंच पथ पर जमे कचरे को तुरंत साफ करने का निर्देश दिया।साथ ही व्रतियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तालाब में पानी के स्तर को नियंत्रित रखने की बात कही। संबंधित अधिकारियों को सभी प्रमुख छठ घाटों पर पर्याप्त मात्रा में लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गहरे पानी वाले स्थानों की पहचान कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग लगाने पर जोर दिया।
नगर आयुक्त ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। नगर निगम का यह पूरा प्रयास है कि सभी छठ व्रतियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण में अर्घ्य देने की सुविधा मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शहर के सभी वार्डों के छठ घाटों को पूरी तरह तैयार कर लेने का सख्त लक्ष्य सौंपा है।
निरीक्षण के दौरान नगर प्रबंधक नागमणि सिंह, विक्रम प्रशांत, स्वच्छता पदाधिकारी सरोज कुमार, प्रशांत कुमार चौधरी सहित नगर निगम के कई अन्य संबंधित कर्मी व अधिकारी उपस्थित रहे।



