देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम उठाते हुए बनकट स्थित गुरुकुलम स्कूल के तत्वावधान में अजगरी पंचायत के बागौत बाबा स्थान पर पर्यावरण की पाठशाला सह पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना तथा इस दीपावली को पर्यावरण-अनुकूल यानी ग्रीन दिवाली के रूप में मनाने का संदेश देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण के साथ हुई, जिसमें ग्रामीणों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बच्चों ने पौधे रोपकर पर्यावरण को हरा-भरा और स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ता विनय कुमार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि दीपावली जैसे पावन त्योहारों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियों के बीच प्रकृति की सुरक्षा करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित वातावरण का निर्माण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने गुरुकुलम स्कूल द्वारा शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में सामाजिक और पर्यावरणीय दायित्व की भावना विकसित करने के प्रयासों की भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
गुरुकुलम के शुभेंदु कुमार साहू ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवा पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है ताकि वे आने वाले समय में प्रकृति के रक्षक बन सकें। कार्यक्रम को सफल बनाने में रविकांत सिंह और पूर्व मुखिया अरविंद कुमार सिंह का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि इस बार की दीपावली प्रदूषणमुक्त और ग्रीन दिवाली होगी। अत्यधिक पटाखों के प्रयोग से बचकर पौधे लगाएं और अपनी धरती को सुरक्षित एवं सुंदर बनाएं।



