HomeBIHARजागापाकड़ से एक सप्ताह पूर्व लापता किशोर बरामद, कथित अग़वा करने वाला...

जागापाकड़ से एक सप्ताह पूर्व लापता किशोर बरामद, कथित अग़वा करने वाला युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मोतिहारी स्टेशन से बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाकर कमरे मे रखा था बंद।
वैज्ञानिक तरीके से जाँच मे पुलिस ने किया है उदभेदन।
पकडे गए युवक को पुलिस ने भेजा जेल।
देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र के जागापाकड़ से एक सप्ताह पूर्व घर से लापता किशोर सुमित कुमार को पुलिस ने सकुशल बरामद करते हुए उसे कथित तौर पर बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मानिकपुर मिश्रिया निवासी शंकर साह के पुत्र रंजीत कुमार उर्फ दशई साह के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, जागापाकड़ निवासी मालती देवी ने थाने में दो अक्टूबर को आवेदन देकर अपने पुत्र सुमित कुमार उर्फ कुंदन पासवान के लापता होने की सूचना दी थी। शिकायत मिलने के बाद थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान करते हुए किशोर के मोतिहारी रेलवे स्टेशन पहुंचने और वहां से आगे जाने की जानकारी जुटाई।
जांच में सामने आया कि एक अक्टूबर की सुबह परिजनों की फटकार के बाद किशोर मोतिहारी रेलवे स्टेशन पहुंचा था। आरोप है कि स्टेशन पर मानिकपुर मिश्रिया निवासी रंजीत कुमार ने उसे अपनी बातों में उलझाया और ट्रेन से दिल्ली लेकर चला गया। वहां कथित तौर पर किशोर को दो दिनों तक एक कमरे में बंद रखा गया।
इधर, पुलिस ने किशोर को दिल्ली ले जाने वाले युवक की पहचान करने के बाद उसके घर पर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस की कार्रवाई के बीच आरोपी रंजीत कुमार किशोर को लेकर दिल्ली से छपवा होते हुए लौट रहा था। इसी दौरान हरसिद्धि बाजार में पुलिस ने उसे पकड़ लिया और किशोर को भी बरामद कर लिया गया। 
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी किशोर को दिल्ली क्यों लेकर गया था और उसे कमरे में बंद रखने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की कार्रवाई और किशोर की सकुशल बरामदगी की इलाके में चर्चा हो रही है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular