HomeBIHARहरसिद्धि बाजार से लापता तीन छात्राओं को पुलिस ने 48 घंटे के...

हरसिद्धि बाजार से लापता तीन छात्राओं को पुलिस ने 48 घंटे के अंदर गोरखपुर से सकुशल किया बरामद,एक युवक गिरफ्तार

बरामदगी मे विलम्ब होने पर दलदल मे फंसने जा रही थी छात्राएं।
देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
हरसिद्धि बाजार से लापता तीन छात्राओं को हरसिद्धि पुलिस ने 48 घंटे के अंदर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सकुशल बरामद कर बेहतर पुलिसिंग का उदाहरण पेश किया है। साथ ही पुलिस ने इस मामले में तारियानी थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी सुंदर महतो के पुत्र चंदन कुमार को गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में गोरखपुर में रहता है। समय रहते पुलिस यदि छात्राओं को बरामद नहीं करती तो वे दलदल में फंसने जा रही थीं।
बरामदगी में अरेराज प्रभारी डीएसपी प्रियंका कुमारी, हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार, दारोगा अविनाश कुमार, दारोगा प्रीतम कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
मंगलवार को हरसिद्धि थाना पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए प्रभारी डीएसपी प्रियंका कुमारी ने बताया कि 6 सितंबर को थाना क्षेत्र के एक गांव के एक व्यक्ति ने थाना में आवेदन देकर बताया कि उनकी पुत्री सहित गांव की दो अन्य छात्राएं हरसिद्धि बाजार से लापता हो गई हैं। आवेदन मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और सीसीटीवी कैमरा, मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य वैज्ञानिक तरीकों से छात्राओं की बरामदगी में जुट गई।
जांच में पता चला कि तीनों छात्राएं अच्छे शहर में शान-शौकत से रहने के लिए घर से परिजनों को बिना बताए सुगौली से ट्रेन पकड़कर मुजफ्फरपुर पहुंची थीं। वहां पहले से मौजूद चंदन कुमार ने उन्हें मीठी-मीठी बातों में उलझा लिया और शान-शौकत से जिंदगी बिताने का सपना दिखाकर अपने चंगुल में ले लिया।
डीएसपी ने बताया कि चंदन उक्त तीनों छात्राओं को पहले सीतामढ़ी ले गया, वहां से वह उन्हें लेकर गोरखपुर स्टेशन पर उतरा ही था कि पहले से पीछा कर रही पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। मौके से तीनों छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया गया।
फिलहाल तीनों छात्राओं को परिजनों को सौंप दिया गया है और गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की हर जगह सराहना की जा रही है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular