*नगर प्रहरी की होगी तैनाती, व्यावसायिक क्षेत्रों में दिन में दो बार होगी सफाई; राजस्व बढ़ाने के लिए वार्डों में लगेगा कैंप
रक्सौल।अनिल कुमार। शहर में आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा को लेकर नगर परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को वार्ड नंबर-1 स्थित नगर परिषद के प्रशासनिक कार्यालय में सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया। बैठक में नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई, अतिक्रमण नियंत्रण, स्ट्रीट लाइट, राजस्व वृद्धि, ट्रेड लाइसेंस सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि बैठक में कुल पांच प्रमुख एजेंडों पर चर्चा की गई। आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और बाजारों में अतिक्रमण की समस्या को देखते हुए आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से नगर प्रहरी की तैनाती करने का निर्णय लिया गया है। नगर प्रहरी शहर के प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी रखेंगे। अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित करने के साथ ही नियमों के तहत जुर्माना लगाने की कार्रवाई में भी सहयोग करेंगे। इससे पर्व के दौरान यातायात एवं बाजार व्यवस्था को व्यवस्थित रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
व्यावसायिक क्षेत्रों में दिन में दो बार होगी सफाई
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। व्यावसायिक एवं बाजार क्षेत्रों में दिन में दो बार सफाई कराने पर सहमति बनी है। अधिकारियों के अनुसार पर्व-त्योहार के दौरान बाजारों में लोगों की आवाजाही और दुकानों की संख्या बढ़ने के कारण कचरा भी अधिक निकलता है। इसे देखते हुए सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही पूरे नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को आउटसोर्सिंग के माध्यम से दुरुस्त करने पर भी चर्चा हुई।
शहर में लगेंगी 1000 नई स्ट्रीट लाइट
दुर्गा पूजा एवं दीपावली को देखते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में 1000 स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय लिया गया है। समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को लेकर चर्चा के बाद सहमति बनी। स्ट्रीट लाइट लगने से मुख्य सड़कों के साथ-साथ वार्डों के विभिन्न हिस्सों में रात के समय रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
राजस्व बढ़ाने के लिए वार्डों में लगेगा कैंप
नगर परिषद के आंतरिक राजस्व में वृद्धि को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। राजस्व संग्रह को बढ़ाने और लोगों को नगर परिषद से संबंधित कर एवं अन्य शुल्क जमा कराने के लिए विभिन्न वार्डों में कैंप लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए पांच सदस्यों की एक कमेटी गठित की गई है। कमेटी में नगर प्रबंधक सहित अन्य लोगों को शामिल किया गया है। यह कमेटी वार्ड स्तर पर कैंप लगाने एवं राजस्व संग्रह की प्रक्रिया की निगरानी करेगी।
ट्रेड लाइसेंस की जिम्मेदारी नगर प्रबंधक को
बैठक में ट्रेड लाइसेंस को लेकर भी निर्णय लिया गया। नगर क्षेत्र में संचालित दुकानों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस निर्गत करने की जिम्मेदारी नगर प्रबंधक को सौंपी गई है। अब ट्रेड लाइसेंस निर्गत करने की प्रक्रिया नगर प्रबंधक के माध्यम से संचालित की जाएगी। इससे लाइसेंस से संबंधित कार्यों को व्यवस्थित करने और नगर परिषद के राजस्व में वृद्धि करने में मदद मिलने की बात कही गई।
नाला उड़ाही और खरीद से जुड़ी संचिकाओं का अवलोकन
बैठक के अंतिम चरण में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के समक्ष नाला उड़ाही, तिरंगा एवं हैंड ट्रॉली खरीद से संबंधित संचिकाएं भी प्रस्तुत की गईं। सदस्यों ने संचिकाओं का अवलोकन किया और संबंधित कार्यों पर चर्चा की। इसके अलावा विभिन्न वार्डों के विकास से संबंधित योजनाओं का चयन किया गया। नगर परिषद के विभिन्न मेंटेनेंस कार्यों को भी बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने तथा पर्व-त्योहारों के दौरान लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। मौके पर रंजीत कुमार श्रीवास्तव, जितेंद्र कुमार दत्ता, वीरेंद्र प्रसाद, बैजू जायसवाल सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद थे।
फोटो-दुर्गा पूजा-छठ को लेकर नगर परिषद की तैयारी तेज, 1000 स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय



