रक्सौल।अनिल कुमार। नेपाल में भोटेकोशी–त्रिशूली क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित नागरिकों के बचाव, राहत तथा पुनर्वास कार्यों में सहयोग के उद्देश्य से जगदंबा इंटरप्राइजेज ने प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप राहत कोष में 51 लाख रुपये की सहायता प्रदान की है।
जगदंबा इंटरप्राइजेज के निदेशक अनिल रुगंटा ने मंगलवार को अर्थमंत्री स्वर्णिम वाग्ले को 51 लाख रुपये का चेक सौंपा।
कंपनी के अनुसार, बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं बचाव के साथ-साथ दीर्घकालीन पुनर्वास और पुनर्निर्माण में सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से यह राशि प्रदान की गई है।
कंपनी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में होने वाले पुनर्वास तथा पुनर्निर्माण कार्यों के लिए अपने उद्योगों द्वारा उत्पादित निर्माण सामग्री रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी जताई है। इससे आपदा के बाद आवश्यक बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण में अतिरिक्त सहयोग मिलने की उम्मीद है।
संस्थागत सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत राहत, बचाव तथा मानवीय सेवा के क्षेत्र में किए गए इस सहयोग से आपदा प्रभावित नागरिकों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद निदेशक रुगंटा ने व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि आपदा के समय निजी क्षेत्र को सरकार के साथ सहकार्य करते हुए प्रभावित नागरिकों का जीवन सहज बनाने के लिए यथासंभव सहयोग करना चाहिए।
बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत के साथ-साथ दीर्घकालीन पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए सरकार, निजी क्षेत्र तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के बीच सहकार्य आवश्यक होने पर सरोकारवालों ने जोर दिया।
फोटो -भोटेकोशी बाढ़ पीड़ितों के लिए जगदंबा इंटरप्राइजेज ने दिए 51 लाख रुपये, निदेशक रुगंटा ने अर्थमंत्री वाग्ले को सौंपा चेक



