देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मठलोहियार छतवनीया टोला निवासी अजय पटेल हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपी मोहम्मद असलम आलम पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा करते हुए उसकी सूचना देने की अपील की है। पुलिस ने आरोपी का फोटो भी जारी किया है।
बताया जाता है कि बीते 8 मई को मठलोहियार छतवनीया टोला निवासी अजय पटेल की मारपीट कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को झोपड़ी के खंभे से लटका दिया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मामले को लेकर मृतक अजय पटेल की मां प्रेमी देवी ने हरसिद्धि थाना में आवेदन देकर मोहम्मद असलम आलम समेत आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। घटना के बाद से ही पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि, मुख्य आरोपी मोहम्मद असलम आलम अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मोहम्मद असलम आलम के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वालों को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।



