HomeBIHARमोतिहारीजनकपुर से अयोध्या तक दौड़ेगी आस्था की एक्सप्रेस, रक्सौल में भी ठहराव

जनकपुर से अयोध्या तक दौड़ेगी आस्था की एक्सप्रेस, रक्सौल में भी ठहराव

  • नवंबर को दिल्ली से पीएम नरेंद्र मोदी व नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह वर्चुअल दिखाएंगे हरी झंडी
  • अयोध्या स्टेशन पर रेल मंत्री व यूपी के सीएम रहेंगे मौजूद, यात्री सुविधा केंद्र का भी होगा शुभारंभ

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। मां सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम (नेपाल) और भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या धाम के बीच सीधी रेल सेवा का इंतजार खत्म हो गया है। रेलवे बोर्ड ने रक्सौल के रास्ते ट्रेन संख्या 15595/15596 जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट साप्ताहिक एक्सप्रेस के परिचालन को हरी झंडी दे दी है। पूर्वी चम्पारण के सीमावर्ती रक्सौल स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव दिए जाने से चम्पारण व सीमांचल क्षेत्र के श्रद्धालुओं को अयोध्या जाने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

इस नई रेल सेवा का शुभारंभ 23 नवंबर को होगा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहीं, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य, सांसद अवधेश प्रसाद, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी और विधायक वेद प्रकाश गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर रेल मंत्री स्टेशन परिसर में नवनिर्मित यात्री सुविधा केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे।

रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार द्वारा 17 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार, इस साप्ताहिक ट्रेन का ठहराव जनकपुर धाम और अयोध्या कैंट के बीच जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। समय-सारणी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 15595 जनकपुर धाम–अयोध्या कैंट एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम (नेपाल) से प्रस्थान करेगी और जयनगर, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज (पावर चेंज) व गोरखपुर होते हुए रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15596 अयोध्या कैंट–जनकपुर धाम एक्सप्रेस सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होकर इन्हीं प्रमुख स्टेशनों के रास्ते मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। रक्सौल में ठहराव मिलने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है, वहीं यह ट्रेन दोनों देशों के बीच धार्मिक व सांस्कृतिक पर्यटन को भी नई गति देगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular