जिला पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ
देशवाणी।न्यूज डेस्क।
बेतिया। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर 16 नवंबर को निर्धारित कार्यक्रम का आयोजन नहीं होने के बाद गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को समाहरणालय सभागार, पश्चिम चम्पारण, बेतिया में जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के तत्वावधान में परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस संबंध में शिकायत किए जाने के बाद जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस वर्ष परिचर्चा का विषय ‘जर्नलिज्म : पॉपुलिस्ट और रिस्पॉन्सिबल’ (पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार) निर्धारित था। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह एवं उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
लोकतंत्र को मजबूत करने में मीडिया की अहम भूमिका
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता केवल सूचनाओं के प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनमत निर्माण, जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि मीडिया और प्रशासन को आपसी समन्वय एवं सकारात्मक संवाद के साथ जिले के विकास के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।
परिचर्चा में पत्रकारों ने रखे अपने विचार
परिचर्चा के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने विषय के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। पत्रकारिता में जनहित, निष्पक्षता, जवाबदेही और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में सुनील दुबे, राजीव रंजन झा, हृदयानंद सिंह यादव, अनील कुमार,सुनील आनंद, गणेश वर्मा, धनंजय द्विवेदी, मुन्ना राज, सत्येंद्र पाण्डेय, मनीष कुमार, आदित्य कुमार दुबे, विवेक कुमार श्रीवास्तव, मो. तसलीम, एस.के. राव सहित अन्य मीडिया प्रतिनिधियों ने अपनी सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रोचना माद्री, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एनईपी) पुरुषोत्तम त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



