देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
तुरकौलिया अंचल कार्यालय पर जनता की मांगों को लेकर तीन दिन से आमरण अनशन पर बैठे जयसिंहपुर पूर्वी पंचायत के सरपंच बृजकिशोर कुमार की सुध लेने कोई पदाधिकारी नहीं पहुंचा। जिससे प्रखंड सरपंच संघ के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने कड़ी आपत्ति जाहिर की है।
उन्होंने गुरुवार को आमरण अनशन स्थल पर पहुंचकर सरपंच बृज किशोर कुमार के हालात की जानकारी लेने के बाद मीडिया से कहा कि प्रशासन की यह उदासीनता बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। तीन दिन से एक जनप्रतिनिधि भूखा-प्यासा बैठा है, लेकिन प्रशासन को उसकी कोई चिंता नहीं है।
आमरण अनशन पर बैठे सरपंच बृजकिशोर ने कहा कि पंचायत सरकार भवन जो बन रहा है, वह पंचायत के एक छोर में बन रहा है। जबकि इसके लिए पंचायत के बीचों-बीच भी जमीन उपलब्ध है। जहां बन रहा है, उस स्थल पर छठ घाट व श्मशान घाट है, जो प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को जानकारी देने के बाद भी स्थल नहीं बदला गया, जिसके बाद वे 17 नवंबर से आमरण अनशन पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए उनकी प्राण भी चली जाएगी तो वे पीछे नहीं हटेंगे। जनता की सुविधा के लिए बलिदान देने को भी तैयार हैं।
सरपंच का कहना है कि पंचायत सरकार भवन पंचायत के मध्य में बनने से सभी वार्डों के लोगों को सुविधा होगी। एक छोर पर बनने से दूसरे छोर के लोगों को काफी दूरी तय करनी पड़ेगी। साथ ही छठ घाट और श्मशान घाट जैसी आस्था और परंपरा से जुड़ी जगहों को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।
प्रखंड सरपंच संघ के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन को जल्द से जल्द इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और सरपंच की मांगों पर विचार करना चाहिए। यदि सरपंच को कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांग नहीं मानी गई तो प्रखंड के सभी सरपंच आंदोलन में शामिल होंगे।
इधर, अनशन स्थल पर सरपंच की तबीयत धीरे-धीरे बिगड़ती जा रही है। समर्थकों ने प्रशासन से जल्द वार्ता करने की मांग की है।



