HomeBIHARमोतिहारी71वीं वाहिनी एसएसबी द्वारा 30 दिवसीय वेल्डिंग प्रशिक्षण का हुआ समापन

71वीं वाहिनी एसएसबी द्वारा 30 दिवसीय वेल्डिंग प्रशिक्षण का हुआ समापन

-दोपहिया वाहन मरम्मत प्रशिक्षण कोर्स का शुभारंभ

माला सिन्हा

पीपराकोठी : सीमावर्ती क्षेत्रों के ग्रामीण युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा निरंतर विभिन्न जनकल्याणकारी एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को सद्गुरु कबीर महंथ रामखेलावन गोस्वामी प्रोजेक्ट +2 विद्यालय, कटकेनावा में 30 दिवसीय वेल्डिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया. साथ ही सीमावर्ती युवाओं के कौशल विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दोपहिया वाहन मरम्मत प्रशिक्षण कोर्स का विधिवत शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. संजय जायसवाल सांसद व विशिष्ट अतिथि विशाल कुमार विधायक, तथा 71वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया. 30 दिवसीय वेल्डिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्र के जीवंत गांव परसा के युवाओं को वेल्डिंग कार्य से संबंधित तकनीकी जानकारी, विभिन्न प्रकार की वेल्डिंग प्रक्रियाओं, आवश्यक उपकरणों के उपयोग तथा व्यावहारिक कार्यकुशलता का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके साथ ही प्रशिक्षुओं को कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों एवं व्यावसायिक दक्षता के महत्व से भी अवगत कराया गया. इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे अपने हुनर का उपयोग कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें तथा अपने परिवार की आजीविका में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें. इसी क्रम में ग्रामीण युवाओं को रोजगारोन्मुखी तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जीवंत गांव महुआवा,परसा एवं धरमनगर के युवाओं के लिए 30 दिवसीय दोपहिया वाहन मरम्मत प्रशिक्षण कोर्स का भी शुभारंभ किया गया. इस प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को मोटरसाइकिल एवं अन्य दोपहिया वाहनों की मरम्मत, रखरखाव, तकनीकी खराबियों की पहचान तथा उनके समाधान से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी. वर्तमान समय में दोपहिया वाहनों की बढ़ती उपयोगिता को देखते हुए मरम्मत एवं सर्विसिंग के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की काफी संभावनाएं हैं. इस प्रशिक्षण से ग्रामीण युवा भविष्य में अपना गैराज अथवा सर्विस सेंटर स्थापित करने के साथ-साथ विभिन्न प्रतिष्ठानों में भी रोजगार प्राप्त करने के योग्य बन सकेंगे. समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. संजय जायसवाल ने एसएसबी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पूर्व यह सीमावर्ती क्षेत्र नक्सली गतिविधियों से प्रभावित रहा करता था तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोग नेपाल सीमा पार कर चले जाते थे. लेकिन सशस्त्र सीमा बल की तैनाती के बाद इस क्षेत्र में सुरक्षा, शांति एवं सामाजिक वातावरण में उल्लेखनीय सकारात्मक बदलाव आया है. उन्होंने भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की तैनाती को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी का एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी निर्णय बताया. उन्होंने कहा कि एसएसबी आज केवल सीमा सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular