HomeBIHARमोतिहारीछठ महापर्व को लेकर पीपराकोठी में तैयारी पूरी

छठ महापर्व को लेकर पीपराकोठी में तैयारी पूरी

-सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी

माला सिन्हा

पीपराकोठी : लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ को लेकर पीपराकोठी क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. शनिवार को व्रतियों ने विधि-विधान के साथ खरना का अनुष्ठान संपन्न किया. इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में छठमय माहौल बन गया है. व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया. रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा. छठ पर्व को लेकर क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई और सजावट का कार्य युद्धस्तर पर किया गया. स्थानीय युवाओं की टोली ने उत्साह के साथ घाटों की सफाई कर रास्तों को दुरुस्त किया तथा आकर्षक ढंग से सजाने में जुटी रही. कई घाटों पर रोशनी, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। घाटों पर छठी मैया के स्वागत की तैयारियां अंतिम रूप ले चुकी हैं.

इधर, पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अंचल निरीक्षक के साथ थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान चांदसरैया, मठमानवरी घाट, बरकुरवा, पंडितपुर एवं बटगंज सहित अन्य प्रमुख घाटों का भ्रमण किया गया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की स्थिति, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा मानकों एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. प्रशासन की ओर से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए. क्षेत्र के लोगों में महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular