देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेने के लिए बुधवार को समस्तीपुर के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा और मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार ने बापूधाम मोतिहारी एवं सुगौली जंक्शन का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आरक्षण कार्यालय और विशेष रूप से बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को होल्डिंग एरिया का निर्माण कार्य त्वरित गति से पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि पर्व के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवाजाही और भीड़ नियंत्रण को लेकर सभी उपस्थित पर्यवेक्षकों व सुरक्षा बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआरएम के बापूधाम मोतिहारी स्टेशन निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक राजीव कुमार, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक, जीआरपी थानाध्यक्ष, सीटीआई और डीसीआई हरिकिशोर भक्ता सहित कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।



