HomeBIHARमोतिहारीदेहरादून और मुजफ्फरपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, बापूधाम मोतिहारी समेत इन...

देहरादून और मुजफ्फरपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, बापूधाम मोतिहारी समेत इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। त्योहारों के सीजन और छठ पूजा के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को सुगम और सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य तक पहुँचाने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। उत्तर रेलवे द्वारा देहरादून और मुजफ्फरपुर के बीच आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यह विशेष ट्रेन पूर्व मध्य रेल क्षेत्र के बापूधाम मोतिहारी, सुगौली, बेतिया, नरकटियागंज और गोरखपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे यात्रियों को यात्रा में भारी राहत मिलेगी।

तीन-तीन फेरे लगाएगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे नोटिफिकेशन के अनुसार, ट्रेन संख्या 04336/04335 देहरादून-मुजफ्फरपुर-देहरादून फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन कुल तीन फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 04336 (देहरादून से मुजफ्फरपुर) 07, 10 और 13 नवम्बर को देहरादून से प्रस्थान करेगी। जबकि ट्रेन संख्या 04335 (मुजफ्फरपुर से देहरादून) 08, 11 और 14 नवम्बर को मुजफ्फरपुर से खुलेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 16 कोच जोड़े गए हैं, जिनमें एसी थर्ड के 01 कोच, स्लीपर क्लास के 05 कोच, सामान्य श्रेणी के 08 कोच और एसएलआर के 02 कोच होंगे।

प्रमुख स्टेशनों पर समय सारणी और ठहराव

यह ट्रेन हरिद्वार, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सुगौली होते हुए रात 02:45 बजे बापूधाम मोतिहारी पहुंचेगी, फिर चकिया और मेंहसी स्टेशनों पर रुकते हुए मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन स्पेशल ट्रेनों को मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के बराबर प्राथमिकता दी जाएगी ताकि इनकी समय-बद्धता (पंचुअल रनिंग) सुनिश्चित की जा सके। यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख स्टेशनों पर पानी और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular