HomeBIHARबेतियालौरिया में अब महिलाओं को मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा

लौरिया में अब महिलाओं को मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा

सांसद सुनील कुमार ने किया उद्घाटन।

देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।

लौरिया। नगर पंचायत लौरिया के वार्ड संख्या पांच स्थित ब्लॉक चौक पर गुरुवार को निजी नर्सिंग होम का शुभारंभ किया गया। इसके खुलने से क्षेत्र की महिलाओं को अब स्त्री एवं प्रसूति रोग से संबंधित चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। खासकर गर्भवती महिलाओं और महिला मरीजों को इलाज के लिए बेतिया सहित दूसरे शहरों का चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

नर्सिंग होम का उद्घाटन वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार, प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी, डॉ. किरण कुमारी एवं डॉ. शत्रुघ्न कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करने के बाद फीता काटकर किया।

इस अवसर पर सांसद सुनील कुमार ने कहा कि लौरिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी महसूस की जा रही थी। महिला मरीजों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज के लिए भी बेतिया या अन्य शहरों में जाना पड़ता था। स्थानीय स्तर पर महिला विशेषज्ञ चिकित्सक की सुविधा शुरू होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलाओं को समय पर उपचार मिलने के साथ ही आवागमन की परेशानी और खर्च में भी कमी आएगी।

प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी ने कहा कि लौरिया में महिला चिकित्सक की सुविधा उपलब्ध होना क्षेत्रवासियों के लिए खुशी की बात है। इससे ग्रामीण इलाकों की महिलाओं को काफी सहूलियत मिलेगी और उन्हें इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाने की मजबूरी नहीं रहेगी।

वहीं, डॉ. किरण कुमारी ने कहा कि लौरिया उनकी जन्मभूमि है और यहां के लोगों की सेवा करना उनके लिए गर्व की बात है। उनका उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ कमाना नहीं, बल्कि आम लोगों को कम खर्च में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उनकी कोशिश है कि क्षेत्र की महिलाओं को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़े और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उद्घाटन समारोह में जितेंद्र कुशवाहा, जयप्रकाश कुशवाहा, मदन ठाकुर, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि संजय कुमार, अमरेश सिन्हा सहित आसपास के गांवों के कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular