दो बाइक की डिक्की से 2.972 किलो गांजा बरामद, पुलिस ने दोनों वाहन किए जब्त
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। लौरिया थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मटियरिया पुल के नीचे छापेमारी कर दो बाइक पर सवार तीन युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की से कुल 2.972 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दोनों बाइक भी जब्त कर ली हैं।
पुलिस के मुताबिक, मटियरिया पुल के नीचे गांजा की खरीद-बिक्री होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद वरीय अधिकारियों को जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में एसआई अमित कुमार, सुग्रीव कुमार, प्रिया रंजना सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो बाइक पर सवार तीन युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद वाहनों की तलाशी लेने पर डिक्की से गांजा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ का वजन अंचलाधिकारी आशु रंजन की निगरानी में कराया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान मटियरिया थाना क्षेत्र के सहनवाला पकड़ी निवासी शेख हारून के पुत्र नसीम अहमद (25), शेख मोहन के पुत्र मो. दिलशाद (19) और पचरुखा कॉलोनी निवासी श्यामल शील के पुत्र सुराज कुमार (22) के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।



