HomeBIHARराज्यस्तरीय बालिका तलवारबाजी में मोतिहारी की छात्रा कृति ने जीता रजत पदक,...

राज्यस्तरीय बालिका तलवारबाजी में मोतिहारी की छात्रा कृति ने जीता रजत पदक, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
मधुबनी जिले में 2 और 3 नवंबर को आयोजित राज्यस्तरीय बालिका तलवारबाजी प्रतियोगिता में पूर्वी चंपारण की बेटी कृति कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया है। अंडर-17 वर्ग में तिरहुत प्रमंडल से रजत पदक जीतने वाली कृति एकमात्र छात्रा बनी है। इस उपलब्धि के साथ ही उसने राष्ट्रीय बालिका तलवारबाजी प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
कृति शहर के रघुनाथपुर मोहल्ले के निवासी शिक्षक सुधाकर कुमार सिंह की पुत्री है। मूल रूप से वह संग्रामपुर थाना क्षेत्र के परसौना गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में सुधाकर कुमार सिंह घुसियार विद्यालय में प्रधान शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इंटरमीडिएट में पढ़ाई करने के साथ ही कृति खेल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही है। खेल जगत मे परचम लहराने से उसके नाना दनही के रहने वाले पुण्यदेव चौधुर, मामा वरीय पत्रकार अजय कुमार, अरविन्द कुमार, मौसा उपेंद्र नारायण सिंह,स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक महेश कुमार सिंह, अजय ठाकुर,बाबुल दुबे,अनिल सिंह सहित अन्य गौरवान्वित हो रहे है।
कृति ने अपनी मेहनत, लगन और एकाग्रता के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर उसने जिले के साथ तिरहुत प्रमंडल का भी नाम रोशन किया है। उसकी इस सफलता से परिवार और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
पूर्वी चंपारण तलवारबाजी संघ के सचिव अप्पू कुमार ने बताया कि दिसंबर महीने में जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें कृति बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।
कृति की इस उपलब्धि पर पूर्व मंत्री कृष्णनंदन पासवान, एमएलसी महेश्वर सिंह समेत कई लोगों ने बधाई दी है और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular