*एसडीएम और डीएसपी के नेतृत्व में चला जांच अभियान, किचेन की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की हुई पड़ताल
रक्सौल।अनिल कुमार। दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए शहर में मिलावटी मिठाई और पनीर की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार की देर शाम अनुमंडल प्रशासन की संयुक्त टीम ने नगर परिषद क्षेत्र की चार मिठाई दुकानों में छापेमारी कर जांच अभियान चलाया। छापेमारी का नेतृत्व एसडीएम नागमणि कुमार वर्मा एवं डीएसपी मनीष कुमार ने संयुक्त रूप से किया। टीम में मार्केटिंग ऑफिसर गौरव कुमार, रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान एवं रवि कुमार शामिल थे। प्रशासनिक टीम ने अनपूर्णा स्वीट्स, कैंडी स्वीट्स, पंकज स्वीट्स एवं लड्डू गोपाल मिठाई दुकान में पहुंचकर जांच की। इस दौरान दुकानों में तैयार की जा रही मिठाइयों, पनीर की गुणवत्ता, रखरखाव और किचेन की साफ-सफाई का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री तैयार करने वाले स्थानों का भी निरीक्षण किया। एसडीएम नागमणि कुमार वर्मा एवं डीएसपी मनीष आनंद ने संयुक्त रूप से बताया कि मिठाई की सामग्री में मिलावट करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईस कार्रवाई से मिठाई दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फोटो -मिलावटी मिठाई व पनीर की आशंका पर चार दुकानों में छापेमारी, अधिकारियों ने की जांच



