-भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान, शहर में दो जगहों पर हुए कार्यक्रम
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत मंगलवार को मोतिहारी में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में आगे आने का आह्वान किया।
दिन के समय बरियारपुर बनकट स्थित एसएनएस टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में युवा संवाद लोकतंत्र बनाम अराजकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें सांसद राधा मोहन सिंह ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि उन्हें चुनौतियों को समझकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम हटाए जाने के दावों को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान केवल मृत, अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों वाले मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, लेकिन विपक्ष तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता को भ्रमित कर रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक आलोक शर्मा व प्राचार्य सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात, संध्या बेला में शहर के गांधी कॉम्प्लेक्स स्थित भाजपा कार्यालय में प्रमुख नागरिकों की एक गोष्ठी आयोजित की गई। यहाँ सांसद ने विपक्ष के दोहरे रवैये को तथ्यों के साथ उजागर किया। गोष्ठी में विधायक प्रमोद कुमार, कृष्णनंदन पासवान, श्याम बाबू यादव, सचिंद्र प्रसाद सिंह, लालबाबू गुप्ता, मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, जिलाध्यक्ष पवन राज, पूर्व विधायक सुनील मणि तिवारी और उपमहापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा उपाध्यक्ष सुधांशु रंजन ने किया।



