देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी कड़ी में आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार ने कमर्शियल स्टाफ के साथ मिलकर प्लेटफॉर्म और आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया। आरपीएफ टीम ने यात्रियों को बताया कि सफर के दौरान किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ, पटाखे या आतिशबाजी के समान साथ लेकर यात्रा करना न केवल कानूनन जुर्म है, बल्कि यह साथी यात्रियों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने संदिग्ध सामानों और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की। हालांकि, सघन जांच-पड़ताल के दौरान किसी भी यात्री के पास कोई ज्वलनशील पदार्थ या पटाखा नहीं पाया गया। पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद ने बताया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि सभी यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके।



