रक्सौल।अनिल कुमार । शारदीय नवरात्र के अवसर पर शनिवार को विभिन्न पूजा पंडालों एवं दुर्गा मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मां दुर्गा का पट धूमधाम से खोला गया। मां का पट खुलते ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। इस दौरान पूजा पंडालों में जय माता दी और मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। पट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के दिव्य स्वरूप का दर्शन करने का अवसर मिला। पूजा समितियों की ओर से पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, भव्य सजावट और मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। कई स्थानों पर पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। रामजी चौक दुर्गा पूजा समिति, लोहा पट्टी दुर्गा पूजा समिति, श्री आदि शक्ति दुर्गा पूजा समिति मछली बाजार रोड, नाग रोड दुर्गा पूजा समिति, कोडिहlर चौक दुर्गा पूजा समिति, ब्लॉक रोड दुर्गा पूजा समिति, बोधी माई, दुर्गा पूजा समिति बैंक रोड दुर्गा पूजा समिति, आश्रम रोड दुर्गा पूजा समिति द्वारा मां का पट खुलने के बाद पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ गई है। महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में पूजा-अर्चना करने पहुंच रहे हैं। वहीं, पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं। दुर्गा पूजा को लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु मां दुर्गा से सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन भी सतर्क है।
फोटो-धूमधाम से खुला मां दुर्गा का पट, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु



