देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर खिरुआ में दीपक कुमार हत्याकांड के दूसरे नामजद अभियुक्त दिलकश आलम ने गुरुवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वह जयसिंहपुर बेचू टोला निवासी फरहाद आलम का पुत्र है। पुलिस की लगातार हो रही छापेमारी के बाद उसने आत्मसमर्पण किया है। इससे पहले हत्याकांड का मुख्य नामजद अभियुक्त जयसिंहपुर खिरुआ निवासी सुनील साह का पुत्र सुमन कुमार नौ अक्टूबर को कोर्ट में सरेंडर कर चुका है।
मालूम हो कि पांच अक्टूबर की रात खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह उर्फ सोनेलाल साह के पुत्र दीपक कुमार को सुमन कुमार और दिलकश आलम घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद छह अक्टूबर की सुबह दीपक का शव रेतवा नदी के किनारे से बरामद किया गया था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस के अनुसार दीपक की चाकू से हमला कर हत्या की गई थी। घटना के बाद मृतक के पिता ने तुरकौलिया थाना में आवेदन देकर सुमन कुमार और दिलकश आलम को नामजद किया था, जबकि अन्य लोगों को भी आरोपित बनाया था। मामले में पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि कोर्ट में सरेंडर करने वाले आरोपित दिलकश आलम को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के दौरान हत्या की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।



